शनिवार, 27 फ़रवरी 2010
मंगलवार, 9 फ़रवरी 2010
कभी अपने घर भी - गुलज़ार
बुधवार, 27 जनवरी 2010
अक्सर एक व्यथा - सर्वेश्वर
मेरे पास से गुज़र जाती है,
अक्सर एक नदी
मेरे सामने भर जाती है,
अक्सर एक नाव
आकर तट से टकराती है,
अक्सर एक लीक
दूर पार से बुलाती है ।
मैं जहाँ होता हूँ
वहीं पर बैठ जाता हूँ,
अक्सर एक प्रतिमा
धूल में बन जाती है ।
अक्सर चाँद जेब में
पड़ा हुआ मिलता है,
सूरज को गिलहरी
पेड़ पर बैठी खाती है,
अक्सर दुनिया
मटर का दाना हो जाती है,
एक हथेली पर
पूरी बस जाती है ।
मैं जहाँ होता हूँ
वहाँ से उठ जाता हूँ,
अक्सर रात चींटी-सी
रेंगती हुई आती है ।
अक्सर एक हँसी
ठंडी हवा-सी चलती है,
अक्सर एक दृष्टि
कनटोप-सा लगाती है,
अक्सर एक बात
पर्वत-सी खड़ी होती है,
अक्सर एक ख़ामोशी
मुझे कपड़े पहनाती है ।
मैं जहाँ होता हूँ
वहाँ से चल पड़ता हूँ,
अक्सर एक व्यथा
यात्रा बन जाती है ।
मंगलवार, 25 अगस्त 2009
दो कवितायें - हरिओम राजोरिया
(१)
ठीक आदमी
यह जो ठीक दिखना चाहता है
इस आदमी की आदतों पर
थोड़ा गौर करना चाहिए
ठीक आदमी के कपड़े
हर समय इतने साफ़ और सलीकेदार नहीं होते
ठीक आदमी हमेशा नहीं रहते खुश
इतने सभ्य नहीं होते ठीक आदमी
न ही वे तयशुदा ढंग से मुस्कुराते हैं
हर तरफ़ से ठीक नहीं होते ठीक आदमी
ठीक आदमी से नहीं करते
इतने सारे लोग नमस्कार
इस ठीक आदमी कि
ठीक से होनी चाहिए पहचान
जब तक इसे कहते रहोगे ठीक
ठीक आदमी
नहीं होंगे ठीक।
(२)
घर
दादा ने पिता के कान में कहा-
'घर बनाओ'
रिटायर होने से पहले
जी.पी.ऍफ़. के दम पर
पिता ने देखा
घर बनाने का सपना
चूल्हा-चौका करती
घर को झींकती
बूढी हो गई माँ
घर के बारे में सोचती
पराये घरों को
चली गईं बहिनें
घर
जैसे एक काँटा था खजूर का
जो पीढी-दर-पीढी
सरकता रहा खाल में।
बुधवार, 12 अगस्त 2009
तीन रुपये किलो - अष्टभुजा शुक्ल
छोटे-छोटे घरों तक
पहुँचे अमरूद
नाक रख ली फलों की
बिके चार रुपए किलो
नमक-मिर्च से भी
खा लिए गए
छिलके और बीज तक
कर दिए समर्पित
तर गए पैसे
अमरूद के साथ
सजी-धजी दुकानों पर
बैठे-बैठे
महंगे फलों ने
बहुत कोसा अमरूदों को
अपना भाव इतना गिराने के लिए
बच्चों को चहकनहा बनाने के लिए
फलों का राजा भी रिसियाया बहुत
अमरूदों से तो कुछ नहीं कहा
लेकिन सोचने लगा कराने को
लोकतंत्र के विनाश का यज्ञ
धिक्कार भाव से देखा
दुकानों पर बैठे
महंगे फलों ने
ठेलों पर से
उछल-उछल कर
झोलों में गिरते अमरूदों को
ठेलों पर से ही
दंतियाए जाने लगे
बन्धुजनों में बँटने लगे
प्रसाद की तरह
छोटे-छोटे घरों तक
पहुँचकर भी
चौका-बर्तन में
नहीं पहुँच सके अमरूद
उठे तराजू
थमे नहीं एक भी बार
चिल्ला-चिल्ला कर
अपने नाम से
सांझ होते-होते
बिक गए तीन रुपए किलो
अपने में थोड़ी-थोड़ी खाँसी
लिए हुए भी न खाँसते
साफ़ गले से चिल्ला-चिल्ला कर बिकते
वेतन, ओवरटाईम, मज़दूरी या भीख के
पैसों से मिल जाने वाले
किसी को बिना कर्ज़दार बनाए
अमरूद बिके
तीन रुपए किलो
उबारे गए
तीन रुपए
जेब की माया से मुक्त
नहीं फँसे
किसी कुलत्त में
ख़रीद लाए उतने में
एक किलो अमरूद
पाँच-सात मुँह के लिए
गुरुवार, 6 अगस्त 2009
शहर-दर्-शहर घर जलाये गए - नासिर काज़मी
पाकिस्तान के मकबूल शायरों में से एक जनाब नासिर काज़मी की ग़ज़ल आपके रु-ब-रु है। नासिर काज़मी की पाकिस्तान के तरक्कीपसंद शाइरों में अपनी अलग पहचान है।
शहर-दर्-शहर घर जलाये गये
यूँ भी जश्न-ए-तरब मनाये गये
इक तरफ़ झूम कर बहार आई
इक तरफ़ आशियाँ जलाये गये
क्या कहूँ किस तरह सर-ए-बाज़ार
इस्मतों के दिए बुझाये गये
आह वो खिल्वातों के सरमाये
मजमा-ए-आम में लुटाये गये
वक्त के साथ हम भी ऐ 'नासिर
ख़ार-ओ-ख़स की तरह बहाए गये
जश्न-ए-तरब= आनंदोत्सव, खिलवत= एकांत, ख़ार-ओ-ख़स=कांटे और घास-फूस
शुक्रवार, 10 जुलाई 2009
आग लगाने वालो...- मंगलेश डबराल
कल रात जब अपने कैमरे में कैद दो तस्वीरों को एक साथ देखा, तो अनायास ही ये पंक्तियाँ दस्तक देने लगीं, नतीजा एक पोस्टर के रूप में आपके सामने है...

(नीचे लिखे नाम (पोस्टर : रजनीश) पर न जायें, क्योंकि मेरे पास इसका कोई तर्क नहीं है कि लिखने के लिए मैंने दूसरा नाम (साहिल) क्यों चुना)
